लातिनी अमेरिका की इन खुशनुमा परंपराओं के साथ नए साल का स्वागत करें

कठपुतली के मुखौटे का स्क्रीनशॉट (स्रोत: NyF इक्वाडोर/ यूट्यूब )

लातिनी अमेरिका साल के अंत में होने वाली पार्टियों के लिए परंपराओं से समृद्ध है। इस लेख में हम पुराने साल को अलविदा कहने और हमारे जीवन में एक नया अध्याय खोलने के लिए महाद्वीप के विभिन्न क्षेत्रों से कुछ मज़ेदार, अजीब, अंधविश्वासी और साहसिक रीति-रिवाजों को साझा कर रहे हैं। लोग इन अनुष्ठानों में आने वाले वर्ष में यात्रा, प्रेम, या धन सुनिश्चित करने के लिए संलग्न होते हैं, या सिर्फ एक विनोदी या शानदार तरीके से विगत वर्ष के चक्र को बंद करने के लिए।

अलग-अलग रंगों के अंडरवियर पहनना

लातिनी अमेरिका में, पुराने साल को अलविदा कहने की एक बहुत पुरानी और गहरी जड़ वाली रस्म एक निश्चित रंग के अंडरवियर पहनना है, प्रत्येक रंग का एक अर्थ होता है और इसकी उत्पत्ति के बारे में अलग-अलग कहानियां होती हैं। कुछ कथानक निर्दिष्ट करते हैं कि इन कपड़ों को उपहार में दिया जाना चाहिए, खरीदा नहीं जाना चाहिए, या उन्हें उल्टा पहना जाना चाहिए।

लगभग पूरे क्षेत्र में अंडरवियर का सबसे व्यापक रंग पीला है, आमतौर पर यह सूर्य, नई शुरुआत और आर्थिक समृद्धि को प्रतीक है। यह विशेष रूप से कोलंबिया, इक्वाडोर, वेनेजुएला, चिली, मैक्सिको और पेरू में और कभी-कभी अर्जेंटीना और उरुग्वे में भी प्रयोग किया जाता है, हालांकि इन देशों में गुलाबी बॉमबाचा (पैंटी या बिकनी) बहुत अधिक आम हैं।

इसकी उत्पत्ति के बारे में अलग – अलग सिद्धांत हैं, कुछ धर्म से संबंधित हैं, अन्य विक्टोरियन फैशन से, और अन्य आने वाले वर्ष में प्यार पाने की इच्छा से संबंधित हैं। प्यार और जुनून के संदर्भ में भी, पेरू और अर्जेंटीना में कुछ परिवारों में इस्तेमाल किया जाने वाला एक और रंग है लाल, हालांकि यह रिवाज़ स्पेन में प्रमुख है, जहां इसकी मध्ययुगीन उत्पत्ति हुई। निम्नलिखित टेलीविजन रिपोर्ट में दिखाया गया है कि कैसे दिसंबर के अंत में बाजार इन विशेष परिधानों से भरे पड़े हैं:

आधी रात को सूटकेस लेकर निकलना

जो लोग नये साल में जमकर घूमना फिरना करना चाहते हैं वे इस अनुष्ठान को चुनते हैं, जिसके बारे में माना जाता है कि यह आने वाले वर्ष में कई यात्राएं और रोमांच लाता है: एक सूटकेस पैक करें और आधी रात के टोस्ट के तुरंत बाद ब्लॉक के चारों ओर टहलने जाएं। यह रिवाज पूरे क्षेत्र में प्रचलित है, हालांकि जिन देशों में यह सबसे आम है वे हैं वेनेजुएला, कोलंबिया, मैक्सिको और पेरू।

हर जगह ये अनुष्ठान भिन्न होते हैं। कुछ मामलों में, सूटकेस को दरवाजे के सामने रखना या उनके साथ आँगन में या घर के हर कोने में चलना पर्याप्त माना जाता है। अन्य संस्करणों के अनुसार, सूटकेस को कपड़ों और उस स्थान के लिए विशिष्ट सामान से भरा होना चाहिए जहां आप यात्रा करना चाहते हैं (उदाहरण के लिए, स्नान सूट, तौलिये और सनस्क्रीन यदि आप समुद्र तटों या स्नान के लिए उपयुक्त जलवायु वाले स्थान पर जाना चाहते हैं)।

निम्नलिखित वीडियो एक परिवार को दिखाता है जिसने इस परंपरा को चुना, जहां वे एक सूटकेस के साथ दौड़ते हैं, जहाँ बिलोस काराकास बॉयज़ बैंड का प्रसिद्ध गीत “आनो नुएवो, विदा नुएवा” (“नया साल, नया जीवन”) पार्श्व में बजता सुना जा सकता है :

नए साल की पूर्व संध्या पर 12 अंगूर खाना

इक्वाडोर, अर्जेंटीना, वेनेजुएला, चिली, मैक्सिको, कोलंबिया और पेरू जैसे देशों में, 12 अंगूर खाने और प्रत्येक के साथ एक मन्नत माँगने का भी रिवाज है, क्योंकि प्रत्येक अंगूर आने वाले वर्ष के एक महीने का प्रतिनिधित्व करता है।

यह रिवाज स्पेन से आया है और पुर्तगाल और लैटिन अमेरिका तक फैल गया है। नेशनल ज्योग्राफिक के अनुसार, इस परंपरा की उत्पत्ति के पीछे एक किवदंती है कि वर्ष 1909 से, जब अंगूर की अच्छी फसल हुई थी और उत्पादकों ने अधिशेष को बेच दिया, इस फल को “भाग्यशाली अंगूर” के रूप में चिह्नित किया गया।

इस परंपरा के अनुसार साल के आखिरी 12 सेकेंड में हर सेकंड एक अंगूर खाना चाहिए। हालांकि, 12 सेकंड में 12 अंगूर खाने का प्रबंध करना बहुत मुश्किल है, खासकर अपने करीबी लोगों को गले लगाते हुए और उनके अच्छे साल की कामना करते हुए। कुछ कहते हैं कि सबसे अच्छा तरीका है छोटे, बीज रहित अंगूरों को चुनना। हो सकता है कि इस सलाह का पालन करते हुए हम आखिरकार इस साल उन्हें खाने में सफल हो जाएं!

लोग नए साल की भविष्यवाणी करते हैं और 12 अंगूर खाते हैं

पुरानी गुड़िया या “कठपुतली” जलाना

कई देशों में, जैसे होंडुरास, पनामा, वेनेजुएला, उरुग्वे, चिली, इक्वाडोर और कोलंबिया और अर्जेंटीना के कुछ शहरों में, एक मोनीगोट (गुड़िया) बनाई जाती है जो पुराने साल का प्रतिनिधित्व करती है।

गुड़िया विभिन्न आकारों में बनती हैं। वे आम तौर पर एक सामान्य व्यक्ति के आकार के होते हैं, लेकिन छोटे और बहुत बड़े पुतले भी होते हैं। ये पुतले विभिन्न सामग्रियों से बने होते हैं, जैसे कि कार्डबोर्ड, चूरा, लत्ता और समाचार पत्र। उन्हें चित्रित किया जा सकता है, कपड़े पहनाए जा सकते हैं, और टेलीविजन, मनोरंजन, या राजनीति से संबद्ध किसी प्रसिद्ध चरित्र का मुखौटा भी पहना जा सकता है, जिसकी उस वर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका थी, या जो कई बार उस वर्ष के एक नकारात्मक पहलू का प्रतीक रहा हो। उदाहरण के लिए, 2020 और 2021 में COVID-19 को व्यक्त करने वाली गुड़िया को जलाना लोकप्रिय था। आधी रात के बाद, पुराने साल को अलविदा कहने और नए साल का स्वागत करने के लिए गुड़िया को जलाया जाता है।

“पनामा वासियों के लिये, इस रिवाज का अर्थ शुद्धिकरण है। पुराने वर्ष की गुड़िया वर्ष के दौरान हुई नकारात्मक चीजों का एक प्रतीक होती है, जिनका गुड़िया में वास है और इसके साथ ही जल जाती हैं,” एक पनामा की एक मीडिया संस्थान ने बताया। इस परंपरा की उत्पत्ति के कारणों में से एक 1895 में इक्वाडोर के गुआयाकिल में पीले बुखार के खतरे से जुड़ा है।

कुछ लोग आग पर कूदने की हिम्मत करते हैं, जो अक्सर बहुत ऊंची होती है, जो एक वर्ष से अगले वर्ष तक के मार्ग का प्रतीक है। निम्नलिखित वीडियो, इक्वाडोर से, कई गुड़ियों के सामुहिक दहन को दर्शाता है:

विधवा का वेश धारण करना

इक्वाडोर में, पुरुषों के लिए “विधवाओं” के रूप में तैयार होने की भी परंपरा है। आम तौर पर, वे मजाकिया या गहरे रंग के कपड़े पहनते हैं, और उस वर्ष के लिए रोने का नाटक करते हुए सड़क पर निकल जाते हैं जो कि “मर गया है।” इसके अलावा, वे पुराने वर्ष के “वेक” और “विधवा” के जीवन के लिए भुगतान करने के लिए सिक्के मांगते हैं, जो कथित तौर पर अब बिना आजीविका रह गई है। कुछ लोग साल को अलविदा कहने के लिए मजेदार छंदों और कविताओं के साथ एक वसीयत भी लिखते हैं और उसे गुजरने वाले लोगों और वाहनों को सुनाते हैं।

नए साल में “एक अच्छी विधवा होने” के लिए जो आवश्यक है वह है “कपड़े जो आपके फिगर को निखारें, विग, आपकी आंखें और, हां, झूठमूठ के स्तन। पर सबसे महत्वपूर्ण चीज है, आपका एटीट्यूड,” इक्वाडोरियन प्रेस में 22 वर्षीय डैनियल पावोन सलाह देते हैं ।

आतिशबाज़ी

कई लातिनी अमेरिकी और कैरेबियाई देशों में पटाखों के बिना नए साल की शाम की पार्टियां नहीं होती हैं। उदाहरण के लिए, अल सल्वाडोर में, परिवार और दोस्तों के बीच छोटे पटाखे फोड़ना एक अपरिहार्य परंपरा बन गई है। बाजार हर किसी के लिए विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे हुए हैं, जिनमें से प्रत्येक का अपना नाम है, जैसे बच्चों के लिए गैलिटोस (रूस्टर), एस्ट्रेलितास (छोटे सितारे) और वोलकैन्सितोस (छोटे ज्वालामुखी), और वयस्कों के लिए मेट्रलेटास (मशीन गन)।

हालांकि आतिशबाज़ी के विक्रय को विनियमित करने का प्रयास किये गये थे, लेकिन क्रिसमस के मौसम का जश्न मनाने के लिए उन्हें बड़े पैमाने पर बेचा और इस्तेमाल किया जाता रहा है। जब आधी रात को आस-पड़ोस में पटाखों की आवाज़ आती है, तो वे घरों में बजने वाले कुम्बिया संगीत और नए साल की पूर्व संध्या पर स्वादिष्ट भोजन की महक को एक अतिरिक्त लय देते हैं। निम्न वीडियो में आतिशबाजी के दृश्य देखे जा सकते हैं:

जब आप इन परंपराओं में भाग रहे हों, तो आप लातिनी अमेरिका में सबसे लोकप्रिय क्रिसमस और नए साल के गीतों में से हमारे निम्नलिखित चयन को सुन सकते हैं:

बातचीत शुरू करें

लेखक, कृपया सत्रारंभ »

निर्देश

  • कृपया दूसरों का सम्मान करें. द्वेषपूर्ण, अश्लील व व्यक्तिगत आघात करने वाली टिप्पणियाँ स्वीकार्य नहीं हैं।.