- Global Voices हिन्दी में - https://hi.globalvoices.org -

जापान के प्लास्टिक फूड मॉडल सिर्फ रेस्तरां तक सीमित नहीं

विभाग: पूर्वी एशिया, जापान, खाना, नागरिक मीडिया, हास्य
जापान में एक रेस्तरां के बाहर प्लास्टिक के भोजन के नमूने [1]

जापान में एक रेस्तरां के बाहर प्लास्टिक के भोजन के नमूने. छाया : फ़्लिकर उपयोगकर्ता सेयोट [1]. छवि लाइसेंस: एट्रिब्यूशन 2.0 जेनेरिक (CC BY 2.0).

जापान में लगभग प्रत्येक भोजनालय के बाहर भोजन के प्लास्टिक के मॉडल [2] लगा होना आम है। संभावित ग्राहकों को मेनू में शामिल पकवानों के बारे में सटीक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रवेश द्वार के पास शोकुहीन सैनपुरु (食品サンプル, “भोजन के नमूने”) रखे जाते हैं जो रेस्तरां में दी गई सभी डिश व्यंजनों की विस्तृत प्रतिकृतियां होती हैं। ग्राहक भोजन के नमूनों को देखकर यह तय करते हैं कि खाने के लिए इसी दुकान में प्रवेश किया जाये या किसी अन्य विकल्प की तलाश की जाये।

इन खाद्य नमूनों को बनाने के लिए एक समूचा समर्पित उद्योग है। टोक्यो के पड़ोस में कप्पाबाशी (किचन नगरी) प्लास्टिक के भोजन के नमूनों को बनाने वाले इन छोटे व्यवसायों का प्रमुख गढ़ है, जिसे 20 से अधिक वर्षों पहले जर्मन फिल्म निर्माता विम वेंडर्स ने अपनी वृत्तचित्र फिल्म टोकियो-गा [3] में दर्ज़ किया था।

वैसे तो प्लास्टिक के भोजन के नमूने जापानी लोगों के लिए इतने सामान्य बात है कि वे इस पर ध्यान भी नहीं देते पर जापान में इनसे जुड़ा एक नया रुझान देखा जा रहा है जिसमें इन नमूनों को आकर्षक सेलफोन एक्सेसरीज़ और दिखावटी गहनों में बदला जा रहा है। नावर मटोमी [4] नामक ब्लॉग पर चिट्ठाकार इतिनी [5] ने सैनपुरु की इस विधा पर तस्वीरों के साथ विभिन्न सामाजिक मीडिया लिंक [4] इकट्ठा किए हैं।

अब बिक्री पर: किचिजोजी टोक्यो डिपार्टमेंट स्टोर में इस्तेमाल किए जाने वाले खाद्य नमूनों के आधार पर बने नये स्मार्टफोन स्ट्रैप।

खाद्य नमूने विभिन्न प्रकार के भड़कीले संग्रहणीय वस्तुओं (कलेक्टिबल्स) में बदल दिए गए हैं, मसलन, रेफ्रिजरेटर पर लगाए जाने वाले मैग्नेट:

टोक्यो स्टेशन पर एक डिस्प्ले में प्रदर्शित कुछ शोकुहीन के नमूना फ्रिज मैग्नेट।

भोजन के नमूनों में नवीनता का उछाल तेजी से व्यापक होता जा रहा है। इस मामले में, कैसें-डॉन (एक लोकप्रिय सीफूड राइस बाउल) के एक नमूने को स्मार्टफोन के स्टैंड में बदल दिया गया है।

हमें इस त्रिकोणीय सर्विंग डिश के नमूने को स्मार्टफोन स्टैंड के रूप में इस्तेमाल करने का बढ़िया तरीका मिला है। हमने इसे टोक्यो स्टेशन प्रदर्शनी के लिए बनाया है।

और यहां, यह एक सेब है जो आपके स्मार्टफोन को पकड़े रखता है:

एक कटे सेब की तरह दिखने वाला इस स्मार्टफ़ोन स्टैंड का डिज़ाइन अद्भुत है।

खाने के नमूनों के अजीबोगरीब इतर प्रयोगों की तो यह बस एक शुरुआत है। कुछ स्मार्टफोन स्टैंड और बक्सों के डिज़ाइनर आपको कला का अपना नमूना बनाने की सुविधा भी देते हैं, मसलन इकुरा या सैल्मन रो का नमूना (यह चावल के साथ खाया जाने वाला एक लोकप्रिय टॉपिंग है)। पर एक ट्विटर उपयोगकर्ता को संदेह है:

क्या कोई ऐसा व्यक्ति है जो कहने वाला है, “वाह, बढ़िया, मैं अपना स्मार्टफोन केस सैल्मन रो से कस्टमाइज़ कर सकता हूँ?” मुझे नहीं लगता है कि मेरे अलावा कोई और यह कहेगा।

नकली खाद्य एक्सेसरी में उछाल कई बार अरुचिकर रूप भी ले सकता है, जैसे कि सहकर्मियों और परिवार के सदस्यों को चौंका देने के लिए बने नमूने।

हमारा नवीनतम स्मार्टफोन स्टैंड पिघलते आइसक्रीम के रूप में आता है। हमारे पास राइस बॉल (ओनिगिरी) की बालियां और एक सूखी सैल्मन मछली के रूप वाला स्मार्टफोन का पट्टा भी है।

फर्जी भोजन के और अधिक विचित्र उपयोग देखने के लिए, इतिनी के नावर मटोमी [4] के ब्लॉग पोस्टदेखें, या फिर ट्विटर हैशटैग #食品サンプル [6] और #ストラップ [7] को फॉलो करें।

यह सब कैसे शुरू हुआ यह जानने के लिए यह वीडियो देखें जो टोक्यो में कप्पाबाशी की एक झलक प्रदान करता है:

साथ ही इस वीडियो का भी अवलोकन करें, जिसमें आप जान सकेंगे कि जापानी भोजन के नमूनों को दरअसल बनाया कैसे जाता है।